मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर पूर्व पार्षद ने नगर निगम को घेरा.. सीमा घृतेश ने बिलासपुर नगर निगम पर साधा निशाना..
शहर में मच्छरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है..

बिलासपुर– शहर में लगातार बढ़ रहे मच्छरों के प्रकोप और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे को लेकर महिला कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष एवं गुरु घासीदास नगर वार्ड क्रमांक 21 की पूर्व पार्षद सीमा घृतेश ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.. सीमा घृतेश ने कहा कि, शहर में मच्छरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन नगर की जिम्मेदार व्यवस्था मानो गहरी नींद में सोई हुई है। उन्होंने कहा कि जब जनता नियमित रूप से टैक्स देती है तो शहर की साफ-सफाई, नालियों की व्यवस्था और नियमित फॉगिंग कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है..
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या प्रशासन केवल कागजों में ही काम करेगा और जनता बीमारियों से जूझती रहेगी? शहर के नागरिक लगातार पूछ रहे हैं कि मच्छरों पर नियंत्रण कब होगा और फॉगिंग तथा सफाई अभियान केवल घोषणाओं तक ही क्यों सीमित है..
सीमा घृतेश ने कहा कि नगर निगम को तुरंत अभियान चलाकर नालियों की सफाई, दवा छिड़काव और नियमित फॉगिंग करानी चाहिए, ताकि लोगों को बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो महिला कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी..



