बिलासपुर- छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है और अब यहां की फिल्में भी बॉलीवुड व टॉलीवुड की तरह दर्शकों के बीच खास पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को रिलीज हुई छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोर ज़हुरिया” ने पहले ही दिन शानदार शुरुआत करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। बिलासपुर के 36 मॉल स्थित सिनेमाघर में फिल्म के पहले शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला..

फिल्म की कहानी सामाजिक कुरीतियों, बलि प्रथा और अंधविश्वास जैसे गंभीर विषयों पर आधारित है, जिसे बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है। कलाकारों की दमदार अदाकारी और कहानी के भावनात्मक दृश्यों ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। कई दृश्यों में सिनेमाघर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा..

फिल्म की निर्माता प्रतिभा मिश्रा और अमित कुमार सिंह हैं, वहीं निर्देशन की कमान फिरोज खान ने संभाली है। कहानी अजय और मनीष मिश्रा ने लिखी है, जबकि संवाद और पटकथा फिरोज खान और अजय ने तैयार की है। कार्यकारी निर्माता मनीष मिश्रा हैं..

फिल्म में अजय, अमृता कुशवाहा, शालिनी विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, उपाशना वैष्णव, हेमलाल कौशल, उर्वशी साहू, धर्मेंद्र चौबे, नरेंद्र सिंह चंदेल, मनीषा वर्मा, राजेश पांडिया, सरला सेन सहित कई कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है। वहीं बाल कलाकार शाव्या पेटल, योगिता सारथी, हिमानी आजाद, श्रुति आजाद, ऋषभ वर्मा और सान्वी टेंबुरकर की प्रस्तुति भी दर्शकों को खूब पसंद आई..

फिल्म के प्रदर्शन के बाद कलाकारों ने दर्शकों के साथ फोटो सेशन भी किया। पहले ही दिन मिली शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है। “मोर ज़हुरिया” को पहले ही दिन दर्शकों का भरपूर प्यार मिला, जिससे फिल्म के सुपरहिट होने की मजबूत उम्मीद जताई जा रही है..