मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल में “उड़ान” वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां..
नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा..

बिलासपुर– शिक्षा के साथ संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने वाले मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल में दूसरे वार्षिक उत्सव “उड़ान” का भव्य आयोजन किया गया, इस अवसर पर स्कूल परिसर उत्साह, उमंग और रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया, नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और कार्यक्रम देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा..

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्कूल प्रबंधन की प्रशंसा की..
कम समय में बनाई अलग पहचान- धरम लाल कौशिक..
मुख्य अतिथि विधायक धरम लाल कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि बहुत ही कम समय में मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल ने क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान और विश्वसनीयता स्थापित की है.. उन्होंने कहा कि स्कूल में शिक्षा की उच्च गुणवत्ता, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण तथा योग्य शिक्षकों के बेहतर मार्गदर्शन में बच्चों का सर्वांगीण विकास हो रहा है, उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया..

बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन..
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति, सामाजिक संदेश, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियां दीं, विशेष आकर्षण मां और बच्चों की संयुक्त प्रस्तुति रही, जिसने भावनात्मक जुड़ाव के साथ सभी दर्शकों का मन जीत लिया.. अभिभावकों ने बच्चों के आत्मविश्वास और मंच पर उनकी सहज प्रस्तुति की खुलकर सराहना की..
अध्यक्षता और अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला..
कार्यक्रम की अध्यक्षता बोदरी नगर पालिका की अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा ने की.. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करते हैं, इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन सबीनो डिसूजा एवं वाइस चेयरमैन राम आर्य ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया..

स्वागत भाषण में रखी स्कूल की उपलब्धियां..
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की ओर से वंदना डिसूजा के स्वागत भाषण से हुई, उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी..
अभिभावकों ने सराहा आयोजन..
कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है.. उन्होंने स्कूल के अनुशासित वातावरण और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की, कार्यक्रम अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ आयोजन का समापन हुआ..



