धान खरीदी को लेकर आम आदमी पार्टी का बड़ा आंदोलन.. 10 फरवरी को करेंगे मुख्यमंत्री निवास का घेराव..
बिलासपुर से जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर के नेतृत्व में 400 से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे..

बिलासपुर— छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है.. पार्टी ने आरोप लगाया है कि लाखों किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा गया और 6 फरवरी को खरीदी बंद करना किसानों के साथ अन्याय है। इसी के विरोध में 10 फरवरी को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा, जिसमें बिलासपुर से जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर के नेतृत्व में 400 से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे..
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि कम समय सीमा में धान खरीदी बंद करना किसानों के खिलाफ साजिश है और तारीख तुरंत बढ़ाई जानी चाहिए.. प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने किसानों को भुगतान में देरी, बैंक से सीमित राशि वितरण और टोकन व्यवस्था में गड़बड़ी के आरोप लगाए, वहीं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा ने भौतिक सत्यापन और केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की मंशा ही धान खरीदने की नहीं थी..
बिलासपुर जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों से जबरन रकबा समर्पण करवाने के लिए माफी मांगे और तत्काल सभी किसानों के लिए समुचित टोकन व्यवस्था लागू करे.. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि, “धान खरीदी की समाप्त की गई 6 फरवरी की समय सीमा को बढ़ाकर कम से कम 28 फरवरी तक किया जाए,ताकि प्रदेश का अन्नदाता किसान अपना एक-एक दाना बेच सके, अगर सरकार नहीं मानी, तो 10 फरवरी का मुख्यमंत्री निवास घेराव ऐतिहासिक होगा..” यह घेराव किसानों के हक़ की लड़ाई है और जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन और तेज़ किया जाएगा..
पार्टी ने मांग की है कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 6 फरवरी से बढ़ाकर कम से कम 28 फरवरी तक की जाए, ताकि सभी किसान अपना धान बेच सकें.. आम आदमी नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा..



