बिलासपुर– भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए परहित एवं जनकल्याण के लिए समर्पित श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए दिनांक 19 अप्रैल 2026 को शहर के प्रमुख स्थलों, इंदिरा विहार, बसंत विहार एवं नेहरू शताब्दी चौक पर “प्याऊ” का शुभारंभ किया गया, यह आयोजन अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर संपन्न हुआ, जिसने इस सेवा कार्य को और भी विशेष बना दिया..

मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल के अंतर्गत तीनों स्थानों पर कुल तीन वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं तथा नियमित रूप से प्याऊ का संचालन सुनिश्चित किया गया है, ताकि राहगीरों एवं आमजन को भीषण गर्मी में शीतल एवं स्वच्छ पेयजल सहजता से उपलब्ध हो सके। इस व्यवस्था से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.. इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष अनीता बी. फ्रेंकलिन, विनीता जैन एवं शुभश्री महापात्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस जनहितकारी कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सेवा और सहयोग की भावना को साकार किया..

कार्यक्रम की शुरुआत राहगीरों को आम पना वितरण के साथ की गई, जिससे “पानी है… तो ज़िंदगानी है…” के संदेश को सार्थक रूप दिया गया। मंडल द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि इन स्थानों पर स्थापित वॉटर कूलर एवं संचालित प्याऊ के माध्यम से राहगीरों को पूरे वर्ष भर शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा.. “परोपकाराय पुण्याय” के भाव को साकार करती श्रद्धा महिला मंडल की यह पहल सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह न केवल जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बनेगी, बल्कि समाज के अन्य संगठनों को भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए प्रेरित करेगी..