बिलासपुर में प्रेस क्लब के सुसज्जित भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगभग 31 लाख रुपये की लागत से पुराने भवन का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है.. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर संसाधनों के साथ पत्रकार अब और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सकेंगे, उन्होंने बिलासपुर प्रेस क्लब के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है..

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशांत शुक्ला ने की.. उन्होंने भी प्रेस क्लब को सुसज्जित भवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामाजिक असमानताओं को दूर करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में प्रेस की भूमिका सराहनीय है.. उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि समय की मांग के अनुरूप प्रेस क्लब की आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा। उन्होंने शहर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया सहित आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रेरणादायक पंक्तियां— “कोशिश कर, हल निकलेगा, आज नहीं तो कल निकलेगा”— सुनाकर उपस्थित पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया..

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया.. समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव संदीप करिहार ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित पूर्व अध्यक्ष, पत्रकारगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे..
