ऑनलाइन बैटिंग एप्स से बर्बादी की राह.. युवाओं को लुभा रही हैं ‘पैसे कमाने वाली’ गेम्स.. सैकड़ों फंसे, कई पर पुलिस केस..

डेस्क– आज के डिजिटल युग में जहां मोबाइल फोन पर शिक्षा, रोजगार और कनेक्टिविटी के नए रास्ते खुले हैं, वहीं युवाओं के एक बड़े वर्ग को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं ऑनलाइन ‘बैटिंग एप्स’ और ‘पैसे कमाने वाले गेम्स’.. इन ऐप्स और वेबसाइट्स का मकसद साफ है- पहले लालच, फिर लत, और अंत में पूरी जेब खाली..
₹500 फ्री’, ‘₹1000 कमाओ रोज़’ लालच का जाल..
1xBet, Betway, Fairplay, Lotus365, Aviator, Teen Patti Real Cash, Rummy Modern जैसे कई प्लेटफॉर्म खुद को ‘पैसे कमाने वाला गेम’ बताकर युवाओं को लुभाते हैं। शुरुआत में ₹10–₹100 जीताकर भरोसा दिलाया जाता है, फिर जब यूज़र ₹1000–₹5000 या अधिक पैसा लगाता है, तो: गेम अचानक क्रैश हो जाता है.. अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाता है.. या विथड्रॉअल (Withdrawal) का ऑप्शन गायब हो जाता है..
इन ऐप्स में फंसते ही शुरू होता है असली खेल, इनमें से अधिकतर ऐप्स का संचालन विदेशी सर्वर से होता है और इन्हें भारत में कोई वैधता नहीं मिली है, इनके पीछे काम कर रहे नेटवर्क कई बार मनी लॉन्ड्रिंग, फ्रॉड ट्रांजैक्शन, और यहां तक कि साइबर अपराध में भी लिप्त पाए गए हैं..
फंसने वाले कॉमन गेम्स
Aviator – लालच देकर तुरंत सब कुछ उड़ाता है..
1xBet, Fairplay – स्पोर्ट्स बेटिंग के नाम पर फिक्सिंग और पैसा हजम..
Teen Patti Real Cash – ‘Live’ का दिखावा, पर स्क्रिप्टेड होता है..
Slot Games / Crash Games – एल्गोरिथ्म से चलता है, इसमें खिलाड़ी की कोई भूमिका नहीं होती..
युवाओं पर पड़ रहा घातक असर-
16 से 30 वर्ष की उम्र के लाखों युवा इन प्लेटफॉर्म्स पर रजिस्टर कर रहे हैं.. पढ़ाई, नौकरी, और पारिवारिक रिश्ते बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं.. मानसिक तनाव, गुस्सा, डिप्रेशन और लोन लेकर बैटिंग करने जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं.. सोशल मीडिया और यूट्यूब पर नकली “विनर” दिखाकर इन्हें प्रमोट किया जा रहा है..
कई राज्यों में पुलिस केस दर्ज, कार्रवाई जारी..
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में ऐसे ऐप्स के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.. साइबर सेल लगातार अलर्ट कर रही है कि इन ऐप्स में पैसे लगाना न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि कानूनी अपराध भी हो सकता है.. कई मामलों में यूज़र का डाटा (बैंक, UPI, PAN) भी लीक हुआ है और साइबर ठगी की घटनाएं सामने आई हैं
कैसे करें खुद को और अपनों को सुरक्षित..
लालच वाले “₹500 फ्री” ऑफर से सावधान रहें.. केवल सरकारी रजिस्टर्ड और स्किल-बेस्ड गेम्स तक सीमित रहें.. किसी भी WhatsApp लिंक या Telegram चैनल से जुड़े ऐप पर कभी भी पैसा न लगाएं.. किशोरों और युवाओं की मोबाइल एक्टिविटी पर नजर रखें.. साइबर अपराध की शिकायतें www.cybercrime.gov.in पर करें
ऑनलाइन बैटिंग गेम्स पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि बर्बादी का रास्ता हैं.. इनमें फंसने से न केवल आप अपना पैसा, बल्कि मानसिक शांति, परिवार और भविष्य भी खो सकते हैं। समय रहते चेतिए और दूसरों को भी जागरूक कीजिए..



