यूरोपीय संसद में भारत–यूरोप संवाद व गुरु रविदास जयंती समारोह में छत्तीसगढ़ के पेशीराम जायसवाल करेंगे प्रतिनिधित्व..
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के पेशीराम जायसवाल (डड़सेना) को यूरोपीय संसद, ब्रुसेल्स में आयोजित प्रतिष्ठित सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है..

बिलासपुर– भारत–यूरोप सभ्यतागत संवाद और संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के पेशीराम जायसवाल (डड़सेना) को यूरोपीय संसद, ब्रुसेल्स में आयोजित प्रतिष्ठित सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है, वे भारतीय जनता पार्टी के आरटीआई प्रकोष्ठ प्रदेश सह-संयोजक (छत्तीसगढ़) हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत व छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे..
यह सम्मेलन 18 फरवरी 2026 को यूरोपीय संसद में “A New Opening: Prospects for Economic and Cultural Exchange within the EU–Asia Civilizational Dialogue” विषय पर आयोजित होगा, इसमें यूरोपीय संघ के सांसद, पोलैंड की संसद के सदस्य और विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान भारत–यूरोप आर्थिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी..
इसी अवसर पर ब्रिटिश रविदास हैरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में दुष्यंत गौतम, रिनचेन लामो, राजेश बग्गा और उदय सूद सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे..
इस अंतरराष्ट्रीय आमंत्रण पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पेशीराम जायसवाल को बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया। उल्लेखनीय है कि जायसवाल पूर्व में 2017 और 2024 में रूस में आयोजित वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.. यह आयोजन भारत–यूरोप संबंधों को नई दिशा देने के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक व सामाजिक भूमिका को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है..



