केवची में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फाउंडेशन का भव्य सम्मेलन संपन्न.. दुकानदारों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा..

बिलासपुर/डेस्क- प्रदेश के राशन दुकानदारों और विक्रेताओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होते हुए ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फाउंडेशन द्वारा केवची में भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में उचित मूल्य की दुकानों (राशन दुकानों) के संचालकों और विक्रेताओं ने भाग लिया..

कार्यक्रम का माहौल उत्साह और एकजुटता से भरपूर रहा.. सम्मेलन की खास बात यह रही कि इसमें कई जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली, मंच से संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया..

सम्मेलन में संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में राशन दुकानदारों को अनेक तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में सभी विक्रेताओं का एकजुट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही अपने अधिकारों की प्रभावी तरीके से मांग की जा सकती है..
इस दौरान ई-पॉस मशीनों में आने वाली तकनीकी समस्याएं, राशन वितरण में आ रही बाधाएं, स्टॉक प्रबंधन की दिक्कतें तथा शासन से संबंधित विभिन्न मांगों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कई दुकानदारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि तकनीकी खामियों और नेटवर्क समस्याओं के कारण आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे दुकानदारों पर अतिरिक्त दबाव बनता है..
सम्मेलन में भविष्य की रणनीति भी तय की गई, संगठन के पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे सरकार के समक्ष दुकानदारों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे,.साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया..
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, अतिथियों और वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया, यह पल सम्मेलन का विशेष आकर्षण रहा, जहां सभी ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल समस्याओं के समाधान की दिशा मिलती है, बल्कि दुकानदारों के बीच आपसी समन्वय, विश्वास और एकता भी मजबूत होती है..



