रतनपुर में खूनी वारदात, पुराने विवाद में घर में घुसकर हमला, बुजुर्ग महिला की मौत, 8 घायल..
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद, परिजनों का दावा— थाने से लौटाया गया, अगले ही दिन हमला..

बिलासपुर/रतनपुर– रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा ग्राम पंचायत में बुधवार शाम हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें बुजुर्ग महिला मुराद बी की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अब इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं..
शाम को घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला
जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले आरोपी अचानक घर में घुसे और तलवार व चाकू से हमला शुरू कर दिया, हमले में महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया, सबसे ज्यादा वार बुजुर्ग महिला मुराद बी पर किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.. घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम, शेख सूहान, परी परवीन, अलीशा परवीन, आहिस्ता परवीन, सना परवीन और शेख सब्बीर शामिल हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है..

एक दिन पहले भी हुआ था विवाद..
परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी आरोपियों के साथ विवाद हुआ था, इसके बाद परिवार के लोग शिकायत लेकर रतनपुर थाना पहुंचे थे.. परिजनों के मुताबिक, उस समय क्षेत्र में राज्यपाल के दौरे की वजह से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और अगले दिन आने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया..

परिजनों का आरोप- अगर कार्रवाई होती तो बच जाती जान..
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने एक दिन पहले ही शिकायत पर कार्रवाई कर दी होती, तो आज यह खूनी वारदात नहीं होती और बुजुर्ग महिला की जान बचाई जा सकती थी.. इस आरोप के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं..
पुरानी रंजिश बनी वजह..
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले के पीछे पुराना आपसी विवाद ही मुख्य कारण है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया..
आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण..
बताया जा रहा है कि, वारदात के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है..
इलाके में तनाव, जांच जारी..
घटना के बाद पेंडरवा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है, पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.. रतनपुर की इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को गहरा आघात दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.. अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है..



