दिव्यांग शिविर के तीसरे दिन कृत्रिम अंगों का वितरण, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिला लाभ..

बिलासपुर– धर्म जागरण समन्वय एवं वार्ड नंबर 32 शहीद विनोद चौबे नगर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दिव्यांग शिविर (1 से 5 तारीख) के तहत आज तीसरे दिन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान दिव्यांग जनों को कृत्रिम हाथ-पैर एवं कैलीपर का वितरण किया गया.. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अरविंद दीक्षित, स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी चंचल सलूजा, कोषाध्यक्ष प्रभात मिश्रा, प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ ललित मखीजा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उत्कर्ष दुबे मंच पर उपस्थित रहे..
वार्ड पार्षद अमित तिवारी द्वारा सभी अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन भृगु अवस्थी ने किया, जिन्होंने शिविर के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला.. अपने उद्बोधन में अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाने की बात कही। अंत में अतिथियों के हाथों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए, जिन्हें पहनकर वे आत्मविश्वास के साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए.. कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों एवं अतिथियों ने महावीर सेवा सदन कोलकाता से आए डॉक्टरों एवं टेक्निशियनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।



