बिलासपुर– छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में “रजत जयंती चावल उत्सव” मनाया जा रहा है, इसी कड़ी में बिलासपुर जिले में प्रशासन द्वारा एक विशेष पहल करते हुए बीपीएल श्रेणी के हितग्राहियों को तीन माह अप्रैल, मई और जून का चावल एकमुश्त वितरित किया जा रहा है, इस पहल से हजारों परिवारों को राहत मिली है और राशन दुकानों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है..

जिले के 697 राशन दुकानों में एक साथ वितरण..
जिले के सभी 697 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में इस विशेष अभियान के तहत चावल वितरण किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा पहले से ही सभी दुकानों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया था, जिससे वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए.. मंगलवार सुबह से ही जिलेभर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित राशन दुकानों पर हितग्राहियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, लोग अपने परिवार के लिए एक साथ तीन महीने का चावल प्राप्त कर काफी संतुष्ट नजर आए..

हितग्राहियों में दिखा खास उत्साह..
एकमुश्त तीन महीने का राशन मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। कई हितग्राहियों ने बताया कि इससे उन्हें बार-बार दुकान जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और घरेलू खर्च का बेहतर प्रबंधन करने में भी मदद मिलेगी.. ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह योजना खासा प्रभावी साबित हो रही है, जहां लोगों ने इसे शासन की सराहनीय पहल बताया..
खाद्य नियंत्रक ने दी जानकारी..
जिले के खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को मुफ्त चावल तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती है, उन्होंने कहा कि राज्य के 25वें स्थापना वर्ष के अवसर पर “रजत जयंती चावल उत्सव” के रूप में यह विशेष वितरण किया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों को अतिरिक्त सुविधा और राहत मिल सके..
व्यवस्था बनाए रखने में जुटा प्रशासन..
चावल वितरण को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए खाद्य विभाग का पूरा अमला सक्रिय है। विभागीय अधिकारी और निरीक्षक लगातार दुकानों का निरीक्षण कर रहे हैं और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं.. साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध हो सके.. चावल के अलावा, सस्ते दरों पर मिलने वाली अन्य खाद्य सामग्री का वितरण पूर्व की भांति जारी रहेगा। शासन की इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है..

रजत जयंती चावल उत्सव के तहत बिलासपुर जिले में किया जा रहा यह विशेष वितरण अभियान न केवल प्रशासन की तैयारी को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है.. एक साथ तीन महीने का राशन मिलने से हितग्राहियों को बड़ी राहत मिली है और उनके चेहरों पर झलकती मुस्कान इस योजना की सफलता की गवाही दे रही है..