आयोजकों की लापरवाही, निगम की उदासीनता और जनता के जान को जोखिम.. सत्यम चौक में जान का खतरा बना पोस्टर का बांस.. आयोजक छोड़ गए खतरा.. क्या होगी कार्रवाई..?

बिलासपुर– शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक सत्यम चौक पर लगाया गया एक पोस्टर टूटकर नीचे लटक गया है, जो आने-जाने वालों के लिए गंभीर खतरा बन गया है.. यह पोस्टर आयोजकों द्वारा लापरवाही पूर्वक लगाया गया था, जिसकी मजबूती और सुरक्षा की कोई परवाह नहीं की गई, अब यह आधा टूटा पोस्टर और रोड में लटक रहा उसका बांस राहगीरों के लिए जान का दुश्मन बन सकता है..

चौंकाने वाली बात यह है कि नगर निगम इस खतरे के बावजूद मौन साधे हुए है, कुछ महीनों पहले शहर में अवैध रूप से लगे बैनर और पोस्टरों को हटाने की कार्यवाही की गई थी, लेकिन अब एक बार फिर अवैध बैनर-पोस्टर का बोलबाला होने लगा है, निगम की उदासीनता ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा नियम केवल कागजों तक ही सीमित हैं..

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि, शहर में ऐसे कई स्थान हैं जहां आयोजक बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बड़े-बड़े बैनर व पोस्टर लगा रहे हैं, जिससे न केवल शहर की सुंदरता बिगड़ रही है बल्कि लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही है.. लोगों की मांग है कि नगर निगम तुरंत कार्रवाई करते हुए सत्यम चौक के इस लटकते पोस्टर को हटाए और जिम्मेदार आयोजकों पर कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बचा जा सके..
चौंकाने वाली बात है कि, कई घंटों से यह खतरा जस का तस बना हुआ है लेकिन निगम कर्मियों और अधिकारियों की नजर उस खतरे की ओर नहीं जा रही है, मगरपारा से आकर सिविल लाइन थाना की ओर मुड़ने वाले बाएं साइड की रोड में यह खतरा लटक रहा है, ऐसे में सवाल उठता है कि, अगर मुख्य चौराहे में कोई बड़ी अनहोनी होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा.. उदासीन नगर निगम, लापरवाह आयोजन समिति के लोग या फिर सड़क पर चलने वाली जनता खुद..



