छत्तीसगढ़

धान खरीदी की अव्यवस्था से किसान जहर पीने पर मजबूर– आम आदमी पार्टी..

बिलासपुर/डेस्क– आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा ने प्रदेश में धान खरीदी की अव्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा- “सरकार पहले नक्सलियों का समर्पण कराती थी, अब किसानों से रकबा समर्पण कराया जा रहा है। एग्रीस्टेक पंजीयन, रकबा सुधार जैसी समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने पहले ही सरकार को चेताया था, लेकिन डबल इंजन सरकार के मंत्रियों और अफसरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। अपनी जिद और अहंकार के कारण सरकार गलतियों को सुधारने को तैयार नहीं है, जिसका खामियाजा किसान अपनी जान देकर चुका रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि धान खरीदी की नई नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। 21 क्विंटल धान खरीदी के वादे से बचने के लिए सरकार बीमा कंपनियों जैसी शर्तें लागू कर किसानों को धोखा दे रही है। जब ताकत नहीं थी तो “एक-एक दाना खरीदेंगे” का वादा क्यों किया गया?

अस्पताल में भर्ती किसानों का पूरा खर्च उठाए सरकार – खगेश चंद्राकर

आम आदमी पार्टी के बिलासपुर जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी की अव्यवस्था के कारण जिन किसानों ने आत्मघाती कदम उठाया, उन्हें सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है, आम आदमी पार्टी की मांग है कि, किसी भी किसान का रकबा न काटा जाए, एग्रीस्टेक पंजीयन की अनिवार्यता समाप्त की जाए, जिन किसानों का रकबा कटा है, उन्हें उतनी फसल के मूल्य के बराबर मुआवजा दिया जाए, अस्पताल में भर्ती किसानों का बेहतर निजी अस्पताल में इलाज हो और पूरा खर्च राज्य सरकार उठाए.. यदि सरकार ने ये मांगें नहीं मानीं तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर सड़क पर आंदोलन करेगी..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!