जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भीषण आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज़ जलकर खाक..
आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी..

रायपुर– राजधानी के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से प्रशासनिक महकमे और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आग सबसे पहले कार्यालय के डॉक्यूमेंट स्टोर रूम में भड़की, जिसकी चपेट में आकर वहां रखे कई अहम दस्तावेज़ और फाइलें पूरी तरह नष्ट हो गईं.. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कार्यालय परिसर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्टोर रूम में वर्षों के शासकीय अभिलेख और जरूरी रिकॉर्ड रखे हुए थे, जिनका पुनः संकलन अब बेहद कठिन माना जा रहा है..
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास की बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि आग और अधिक न फैल सके। प्रशासन का कहना है कि इस घटना से शिक्षा विभाग के कामकाज पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि कई आवश्यक फाइलें और दस्तावेज़ अब उपलब्ध नहीं रहे..
आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी..



