बिलासपुर– शहर के सरकंडा क्षेत्र में पुश्तैनी निजी भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर खड़े किए जा रहे विवाद से परेशान एक परिवार ने अब खुलकर सामने आते हुए प्रेसवार्ता के माध्यम से शासन-प्रशासन से न्याय की मांग की है। परिवार का आरोप है कि उनकी वैध जमीन पर बेवजह आपत्ति जताकर न केवल निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है, बल्कि भ्रामक शिकायतों और अफवाहों के जरिए उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा है..

बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय सोमावार और किशोर सोमावार अपने परिजनों के साथ उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि सरकंडा स्थित मुक्तिधाम के पीछे कपिल नगर क्षेत्र में उनकी लगभग 60 डिसमिल पुश्तैनी भूमि वर्ष 1962 से राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसमें वर्तमान में 8 खातेदार हैं.. परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समीप स्थित कोटवारी भूमि पर कब्जा जमाए बैठे मन्नू मानिकपुरी द्वारा उनकी निजी जमीन पर बाउंड्रीवाल निर्माण का लगातार विरोध किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से झूठी शिकायतें कर प्रशासन को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है..
अजय सोमावार ने कहा कि, इन निराधार आरोपों और फैलाए जा रहे भ्रम के कारण पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी वैध निजी भूमि पर नियमानुसार बाउंड्रीवाल का निर्माण करना चाहते हैं और इसके लिए प्रशासन से अनुमति की अपेक्षा रखते हैं.. परिवार ने यह भी बताया कि इस मामले में नगर निगम और कलेक्टर कार्यालय में पूर्व में लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में उन्होंने मीडिया के माध्यम से प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके..
