डेस्क– देवभूमि उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय की गोद में बसे पंच केदार को भगवान शिव के पांच दिव्य रूपों का निवास माना जाता है.. धार्मिक मान्यता के अनुसार सिर्फ केदारनाथ मंदिर के दर्शन से यात्रा अधूरी रहती है, बल्कि मध्यमहेश्वर, तुंगनाथ, रुद्रनाथ और कल्पेश्वर के दर्शन के बाद ही यह यात्रा पूर्ण मानी जाती है.. हर साल हजारों श्रद्धालु कठिन ट्रेक और दुर्गम रास्तों को पार कर इस आध्यात्मिक यात्रा को पूरा करते हैं..
महादेव के पांच स्वरूपों की उत्पत्ति..

पौराणिक कथा के अनुसार महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने पापों का प्रायश्चित करने भगवान शिव को खोजते हुए हिमालय पहुंचे.. जहां महादेव उनसे रुष्ट होकर बैल (नंदी) का रूप धारण कर छिप गए.. जब पांडवों ने उन्हें पहचान लिया तो शिव का शरीर पांच भागों में विभाजित होकर अलग-अलग स्थानों पर प्रकट हुआ—कहीं कूबड़, कहीं भुजाएं, कहीं मुख, कहीं नाभि और कहीं जटाएं.. इन्हीं स्थानों पर पांच मंदिर स्थापित हुए जिन्हें आज पंच केदार के नाम से जाना जाता है..
केदारनाथ

केदारनाथ मंदिर पंच केदारों में सबसे प्रमुख और प्रसिद्ध धाम है.. समुद्र तल से लगभग 3580 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को गौरीकुंड से करीब 16 से 18 किलोमीटर का कठिन ट्रेक करना पड़ता है.. यहां भगवान शिव के कूबड़ की पूजा होती है..

केदारनाथ पहुंचने के लिए सबसे पहले हरिद्वार या ऋषिकेश पहुंचे.. सड़क मार्ग द्वारा हरिद्वार या ऋषिकेश से सोनप्रयाग और फिर गौरीकुंड तक पहुंचा जा सकता है.. इसके बाद पैदल, घोड़े या हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से मंदिर पहुंचा जाता है, यहां ठहरने और खाने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे यह पंच केदारों में सबसे सुलभ माना जाता है..
मद्महेश्वर

मध्यमहेश्वर मंदिर में भगवान शिव के मध्य भाग (नाभि) की पूजा होती है.. यह मंदिर लगभग 3490 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए उखीमठ से रांसी गांव तक सड़क मार्ग और फिर लगभग 16 से 18 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है.. रास्ते में घने जंगल, नदी और छोटे-छोटे गांव यात्रियों को आकर्षित करते हैं..

मंदिर के पास 1.5 किलोमीटर की चढ़ाई पर स्थित बूढ़ा मध्यमहेश्वर से चौखंबा पर्वत का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है.. यहां ठहरने की व्यवस्था सीमित लेकिन पर्याप्त है और यह स्थान शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है..
तुंगनाथ

तुंगनाथ मंदिर में भगवान शिव की भुजाओं की पूजा की जाती है.. लगभग 3680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह दुनिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर माना जाता है.. यहां तक पहुंचने के लिए चोपता से मात्र 4 से 5 किलोमीटर का ट्रेक करना होता है, जो अपेक्षाकृत आसान है.. श्रद्धालु अक्सर चंद्रशिला शिखर तक भी जाते हैं, जहां से हिमालय की भव्य चोटियों का दृश्य दिखाई देता है..

चंद्रशिला वहीं जगह है जहां भगवान श्रीराम ने रावण का वध करने के बाद ब्राह्मण हत्या से मुक्ति के लिए तप किया था.. यह स्थान अपने मनोरम बुग्यालों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है..
रुद्रनाथ

रुद्रनाथ मंदिर में भगवान शिव के मुख की पूजा होती है.. यह मंदिर लगभग 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और पंच केदारों में सबसे कठिन यात्रा मानी जाती है.. यहां पहुंचने के लिए सागर गांव या मंडल से 20 से 22 किलोमीटर का लंबा ट्रेक करना पड़ता है.. रास्ते में पानार बुग्याल जैसे खूबसूरत घास के मैदान और घने जंगल आते हैं, यहां ठहरने और खाने की व्यवस्था बहुत सीमित होती है, जिससे यह यात्रा अधिक चुनौतीपूर्ण बन जाती है..

पूरी सृष्टि में सिर्फ रुद्रनाथ ही ऐसी जगह है जहां पर महादेव के मुख की पूजा की जाती है..
कल्पेश्वर

कल्पेश्वर मंदिर में भगवान शिव की जटाओं की पूजा होती है.. यह मंदिर उर्गम घाटी में स्थित है और यहां पहुंचना सबसे आसान है, सड़क मार्ग से हेलंग तक पहुंचकर वहां से 2 से 3 किलोमीटर का छोटा ट्रेक कर मंदिर तक पहुंचा जा सकता है.. यह पंच केदारों में एकमात्र ऐसा मंदिर है जो सालभर खुला रहता है, यहां का शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है..

यात्रा खर्च, रुकने और जरूरी तैयारी..
पंच केदार यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को 12 से 15 दिनों का समय लगता है..इस दौरान ट्रांसपोर्ट, भोजन और ठहरने सहित कुल खर्च लगभग 15 से 30 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक आ सकता है.. केदारनाथ और तुंगनाथ में सुविधाएं बेहतर हैं, जबकि मध्यमहेश्वर और रुद्रनाथ में सीमित संसाधनों के बीच ही यात्रा करनी पड़ती है..

यात्रा पर जाने से पहले अच्छे ट्रेकिंग जूते, गर्म कपड़े, रेनकोट, टॉर्च, पावर बैंक और जरूरी दवाइयां साथ रखना अनिवार्य है, साथ ही मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करनी चाहिए, क्योंकि पहाड़ों में मौसम तेजी से बदलता है..
पंच केदार यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि यह आस्था, साहस और प्रकृति के अद्भुत संगम का अनुभव है.. कठिन रास्तों और चुनौतियों के बावजूद जो श्रद्धालु इस यात्रा को पूर्ण करते हैं, उन्हें आध्यात्मिक संतोष और जीवनभर याद रहने वाला अनुभव प्राप्त होता है.. केदारनाथ के साथ बाकी चार केदारों के दर्शन के बाद ही यात्रा पूर्ण मानी जाती है..
