नाली निर्माण में भारी अनियमितता, भ्रष्टाचार की नाली पर क्या ठेकेदार पर होगी कार्रवाई ?.. इधर वीडियो देखने के बाद इंजीनियर ने कहा- ठेकेदार के खिलाफ जारी होगी नोटिस..

नियमों के अनुसार नाली को ढकने के लिए 6 इंच मोटा स्लैब बनाया जाना था, लेकिन मौके पर कहीं 4 इंच तो कहीं मात्र 5 इंच का स्लैब डालकर लीपापोती की जा रही है। आरोप है कि अधिकारियों और जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए दिखावे के तौर पर सरिया (छड़) लगाई जाती है, लेकिन ढलाई के दौरान उसे हटा दिया जाता है, इसके बाद चुपचाप निर्माण पूरा कर भ्रष्टाचार पर “ढक्कन” डाल दिया जाता है..
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के नाम पर अधिकारी मौके पर पहुंच तो रहे हैं, लेकिन बिना ठोस कार्रवाई के लौट जा रहे हैं, वहीं वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है, जिसमें भ्रष्टाचार की तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं..
मामले में साइट इंजीनियर गुलेरी ने पहले जानकारी न होने की बात कही, लेकिन वीडियो देखने के बाद ठेकेदार और पेटी ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने की बात स्वीकार की.. उन्होंने यह भी बताया कि जोन कमिश्नर फिलहाल छुट्टी पर हैं और उनके लौटते ही ठेकेदार प्रशांत मिश्रा को नोटिस जारी किया जाएगा..
अब बड़ा सवाल यह है कि जब भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ चुका है, तो क्या नगर निगम और जोन के अधिकारी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे या फिर रसूख और सेटिंग के दबाव में यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा.. जनता की नजरें अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं..



