बिलासपुर– छत्तीसगढ़ में प्रशासन द्वारा चावल उत्सव मनाया जा रहा है, जिसके तहत हितग्राहियों को 3 माह का चावल एकमुश्त दिया जा रहा है, दुकानों के सामने बड़ी संख्या में हितग्राहियों की लाइन लगी हुई है.. लेकिन बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में स्थित चिंगराजपारा में स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा हितग्राहियों को दिए जाने वाले चावल को छोटा हाथी गाड़ी में भरकर दलाल के माध्यम से अफरा तफरी की जा रही है.. पीडीएस के चावल को बकायदा जुट बोरे से पलटकर प्लास्टिक बोरे में भरकर रखा गया है और जैसे ही गाड़ी दुकान के बगल में स्थित गोदाम में पहुंची तो दुकान को बंद कर चावल की बोरियों को गाड़ी में डालकर व्यापारियों को भेजने का काम किया जा रहा है..

ये पूरा माजरा तब हो रहा है जब प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के गठन को 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती चावल उत्सव मनाया जा रहा है, एक ओर रजत जयंती चावल उत्सव के तहत जनता को एकमुश्त 3 माह का चावल दिया जा रहा है, इसके लिए भरपूर मात्रा में दुकानों में चावल का भंडारण कर रखा गया है.. ऐसे में इतनी मात्रा का चावल दुकानदारों के लिए अफरा तफरी कर भरपूर लाभ कमाने का मौका पैदा हो गया है.. इसी मौके का फायदा उठाकर चिंगराजपारा में स्थित अनुपम प्राथ. उप. भंडार जिसका आईडी नंबर 401001069 है उसके विक्रेता सुरेंद्र द्वारा गोदाम से चावल को सफेद प्लास्टिक के बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का काम किया जा रहा है, प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजना को दरकिनार कर चावल की अफरा तफरी करने से शासन को करोड़ों का नुकसान हो रहा है दूसरी ओर हितग्राहियों के थाली तक अनाज न पहुंचने से योजना पर भी पलीता लग रहा है..


