बिलासपुर– जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है, इसी कड़ी में उच्च अधिकारियों के निर्देश और मुखबिर की पुख्ता सूचना पर आबकारी विभाग बिल्हा की टीम ने देर रात चकरभाठा-बोदरी क्षेत्र में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की, अल सुबह वर्मा मोहल्ला में छापा मारते हुए टीम ने कच्ची शराब बनाने में लिप्त तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया..

आबकारी टीम ने आढ़ोलिया मोहल्ले में राजकुमार वर्मा, विवेक वर्मा और संतु वर्मा के घरों की तलाशी ली, जहां तीनों आरोपी अवैध रूप से महुआ शराब की भट्टी चलाकर निर्माण करते पाए गए, कार्रवाई के दौरान राजकुमार वर्मा के कब्जे से 80 लीटर महुआ शराब और 90 किलोग्राम लाहन बरामद किया गया। वहीं संतु वर्मा के पास से 70 लीटर कच्ची शराब और 75 किलोग्राम महुआ जब्त किया गया, विवेक वर्मा के घर से 80 लीटर महुआ शराब, 60 किलोग्राम लाहन और शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए..

तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क/च, 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड लेकर जेल भेज दिया गया, इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी छवि पटेल ने किया.. टीम में आबकारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र जामडे, मुख्य आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक राहुल दुबे, मुन्नी देवांगन, दिशा लहरे और वाहन चालक संदीप खल्खो की अहम भूमिका रही.. आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी..