बिलासपुर– जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 अप्रैल 2026 को नशाखोरी के मामलों में आरोपियों को जेल भेजने के बाद, अल सुबह एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब निर्माण में संलिप्त दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आबकारी टीम ने गनियारी निवासी विक्की वर्मा (36 वर्ष) के पास से 95 लीटर महुआ शराब जब्त की, वहीं सरातू वर्मा (32 वर्ष) के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क/च, 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त करने के बाद उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया..

कार्रवाई के दौरान गनियारी के सूर्यवंशी मोहल्ले में अलग-अलग स्थानों (नाला, तालाब और खेतों) में छिपाकर रखी गई लगभग 140 लीटर महुआ शराब और 2760 लीटर महुआ लाहन (शराब निर्माण सामग्री) को भी जब्त कर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई जिला आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी विशेश्वर साव के नेतृत्व में की गई, जिसमें आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला, मुख्य आरक्षक सुभाष तिवारी और जयशंकर कमलेश सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे..