बिलासपुर– शहर के सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध के चलते युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, सकरी पुलिस ने घटना दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया, पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है..
पुलिस के मुताबिक 30 मई को लोरमी थाना क्षेत्र के राम्हेपुर निवासी जितेंद्र कुमार बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई दावेंद्र कुमार बघेल सुबह घर से मोटरसाइकिल से निकला था। दोपहर में सूचना मिली कि सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक मकान में उसके साथ मारपीट हो रही है.. परिजन मौके पर पहुंचे तो मकान नीचे से बंद मिला, पीछे की खिड़की से अंदर जाकर देखा गया तो दावेंद्र बघेल कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था..
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, पूछताछ में सामने आया कि मृतक दावेंद्र बघेल का आरोपी शिव कामले की पत्नी से करीब दो साल से प्रेम संबंध था.. कुछ समय पहले इसकी जानकारी पति शिव कामले को हो गई थी, जिसके बाद उसने पत्नी को मृतक से संपर्क रखने से मना किया था.. मिली जानकारी के अनुसार 30 मई को दावेंद्र आरोपी की पत्नी को सिम देने सैदा पहुंचा था.. इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और बेटे के साथ घर के अंदर बुलाया, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी और उसके पुत्र ने प्लास्टिक की सुतली व मोबाइल के केबल तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी..
पुलिस ने आरोपी शिव कामले और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है.. सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर हत्या का मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया, इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है..
