बिलासपुर- जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तोरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.. पंजाब से छत्तीसगढ़ में हेरोइन की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, एक कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है, मामले की कुल जब्ती करीब 5.38 लाख रुपए आंकी गई है..

मामला थाना तोरवा क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जांच के दौरान कार में पांच युवक मौजूद मिले, जो पुलिस पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके..

कार की तलाशी लेने पर एक बैग में रखी बोतल के भीतर प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद किया गया। आरोपियों के पास से किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में पंजाब निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन को छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने के लिए लाए थे, जबकि मुंगेली निवासी तीन युवक इसके खरीदार बताए गए हैं..

गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह के अलावा मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक शामिल हैं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है..

पुलिस के अनुसार प्रदेश में बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थों की सप्लाई को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है.. इस कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी सहित तोरवा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही..