बिलासपुर में वैवाहिक ठगी पर पुलिस का शिकंजा, फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज..
शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है..

बिलासपुर- शहर में बढ़ते वैवाहिक ठगी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंसी संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है, शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है.. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन बिलासपुर में अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत आरोपी आकाश डहरिया एवं उसके अन्य साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5), 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.. शिकायतकर्ता झगल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंसी संचालकों ने आकर्षक वैवाहिक प्रोफाइल दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूली और बाद में संपर्क तोड़ दिया.. घटना स्थल नेहरू नगर, थाना सिविल लाइन बिलासपुर बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार यह ठगी 16 अप्रैल 2025 से 19 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग समय पर की गई। मामले की रिपोर्ट 23 फरवरी 2026 को दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है.. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सक्रिय फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंसियों और वैवाहिक ठगी गिरोहों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। अन्य संदिग्ध एजेंसियों की भी जांच की जा रही है.. पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मैट्रिमोनियल एजेंसी से जुड़ने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, अग्रिम रकम देने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सिविल लाइन पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शादी के नाम पर ठगी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी..



