बिलासपुर में पटवारी प्रशिक्षण केन्द्र के पास पति पत्नी ने एक साथ लगाई फांसी..
रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी का शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटका मिला..

बिलासपुर– छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी का शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटका मिला.. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी..
मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। जानकारी के अनुसार दंपति चिंगराजपारा स्थित कदमपारा में किराए के मकान में रहते थे, प्रकाश रोजी-मजदूरी का काम करता था.. बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर दिलहरण यादव से अलग रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। बाद में दोनों अलग रहने के लिए राजी हो गए और सामान पैक कर लिया.. इसके बाद दोनों घर से बाहर निकले और सीपत रोड स्थित सूर्य चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास एक नीम के पेड़ पर एक ही कपड़े के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली..
फंदे पर शव लटकता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। जानकारी मिलते ही प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी मौके पर पहुंच गए.. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के गले में एक ही कपड़े का फंदा लगा था। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है..
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी घर से घूमने के लिए निकले थे, जबकि पिता घर में सो रहे थे। इसी दौरान दोनों ने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है..



