बिलासपुर– अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के यूटीडी के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा समय-सारणी में संशोधन की मांग को लेकर कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार यूटीडी की परीक्षाएं 1 जून से प्रस्तावित हैं, जबकि वर्तमान में कई विभागों में तृतीय आंतरिक परीक्षाएं अब तक शेष हैं। इसके अलावा प्रेजेंटेशन, प्रैक्टिकल, थीसिस कार्य सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी हैं तथा कई विषयों का पाठ्यक्रम भी पूर्ण नहीं हो पाया है.. छात्रों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा और अध्ययन अवकाश (पीएल) का समुचित लाभ भी विद्यार्थियों को नहीं मिल सकेगा। इससे परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। छात्रों ने मांग की है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यूटीडी परीक्षाओं को लगभग 10 दिन आगे बढ़ाया जाए तथा संबंधित विभागों को शेष शैक्षणिक कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएं..

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जून माह के चौथे सप्ताह में आयोजित होने वाली यूजीसी-नेट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा समय-सारणी में उचित संशोधन किया जाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, छात्र नेता अंकुर अवस्थी एवं यूटीडी के छात्र-छात्राओं ने कुलसचिव से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस पर कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि विषय को विभागों की संयुक्त बैठक में रखा जाएगा तथा आवश्यक विचार-विमर्श के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा..