बिलासपुर– आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग गांवों से महुआ शराब और महुआ लहान जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.. आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सीपत क्षेत्र में प्रभारी तेलेस्फोर एक्का ने ग्राम बाम्हू थाना सीपत में कार्रवाई करते हुए आरोपी संजू निर्मलकर के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे जेल दाखिल किया गया..
वहीं वृत्त मस्तूरी प्रभारी सुश्री ऐश्वर्या मिंज की टीम ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई करते हुए ग्राम कोकड़ी थाना पचपेड़ी से मोहित धनवार पिता खोलबहरा (25 वर्ष) के कब्जे से 9.5 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसी तरह ग्राम देवगांव थाना मस्तूरी में विशाल खांडेकर पिता दिलीप खांडेकर (24 वर्ष) से 10 लीटर महुआ शराब तथा संतोषी खांडेकर पति महेश खांडेकर (32 वर्ष) के कब्जे से 8.5 लीटर महुआ शराब और 15 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल भेजा गया।
इधर वृत्त बिल्हा प्रभारी छबि पटेल द्वारा चकरभाठा थाना अंतर्गत ग्राम बोड़सरा में कार्रवाई करते हुए सुरेश कुर्रे के कब्जे से 18 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल किया गया..
आबकारी विभाग के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं, उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व भी आबकारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शुक्ला द्वारा ग्राम गनियारी थाना कोटा में दिलेश्वरी वर्मा के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त कर कार्रवाई की गई थी..
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और छापेमार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
